न्यूज़ सुनहेरा ऑंचल /राजेश पाई
एडीसी डॉ. सुशील कुमार ने कहा कि सरकार के 12 वर्षों के विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाने के लिए 20 जून तक जिला भर में विशेष प्रचार एवं जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान में विभिन्न प्रकार की गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, जिनमें मुख्य रूप से जन कल्याण शिविर, जन प्रतिनिधियों द्वारा अपने लोकसभा एवं विधानसभा में एक दिन व्यतीत करना, प्रदर्शनी, पौधा रोपण, सफाई अभियान एवं रोजगार मेले आदि शामिल हैं। अभियान को सफल बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों के अधिकारी आपसी तालमेल बनाते हुए जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।
एडीसी डॉ. सुशील कुमार ने इस विशेष अभियान के संबंध में अधिकारियों को बैठक लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दे रहे थे। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में सरकार द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में किए गए विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा, ताकि आम नागरिकों को योजनाओं की जानकारी मिल सके और पात्र व्यक्तियों को उनका लाभ प्राप्त हो सके। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि वे अपने विभाग से संबंधित प्रमुख उपलब्धियों, विकास कार्यों तथा योजनाओं के लाभार्थियों का आंकड़ा तत्काल उपलब्ध करवाएं, ताकि यह जानकारी विभिन्न माध्यमों से जनता तक पहुंचाई जा सके।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान 15, 16 और 17 जून को तीनों उपमंडल एवं पूंडरी तहसील/खंड पर जन कल्याण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में सभी विभाग अपने-अपने स्टॉल लगाएंगे तथा पात्र लाभार्थियों का मौके पर ही आयुष्मान भारत, आयुष्मान वय वंदना, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, पीएम स्वनिधि, लखपति दीदी एवं वीबी जी राम जी योजना आदि से संबंधित पंजीकरण सुनिश्चित करेंगे। संबंधित एसडीएम इन शिविरों की अध्यक्षता एवं निगरानी करेंगे।
उन्होंने बताया कि सांसद प्रत्येक विधानसभा एवं विधायक प्रत्येक मंडल में एक दिन व्यतीत करेंगे। इस दौरान वे पौधारोपण एवं स्वच्छता अभियान में भाग लेंगे। इसी प्रकार केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसके अलावा शिक्षा विभाग द्वारा विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताएं और उच्च शिक्षा विभाग द्वारा विकसित भारत संकल्प सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। कृषि विभाग, बागवानी विभाग तथा कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा संयुक्त प्राकृतिक खेती पर व्याख्यान आयोजित किया जाएगा। साथ ही पशुपालन विभाग द्वारा पशु मेला लगाया जाएगा। जिसमें विभाग की नवीनतम उपलब्धियों, पशुओं के रखरखाव तथा टीकाकरण की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान भी चलाए जाएंगे।
एडीसी डॉ. सुशील कुमार ने कहा कि यह अभियान सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और विकास कार्यों को आमजन तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम साबित होगा। इस अवसर पर जिला परिषद सीईओ सुरेश राविश, एमडी शुगर मिल कृष्ण कुमार, कैथल एसडीएम संजय कुमार, डीएसपी सुशील प्रकाश, डीडीपीओ रितु लाठर, डीआरओ चंद्र मोहन, डीआईपीआरओ नसीब सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

