
सुनहरा आँचल न्यूज/ हरियाणा/अंबाला:दवा नियंत्रण अधिकारी हेमंत ग्रोवर ने अपनी टीम के साथ कैंट व सिटी के सात मेडिकल स्टोर पर रविवार को छापा मारा। विभाग की टीम में फर्जी यानी डिकोय ग्राहक तैयार किए गए थे। जिन्होंने मेडिकल स्टोर पर जाकर खेल प्रदर्शन बढ़ाने वाली दवाओं, जैसे एनाबॉलिक स्टेरॉयड, पेप्टाइड हार्मोन और ग्रोथ हार्मोन की डिमांड करनी थी। तीन दुकानों पर डेकाबुर्बोलिन 50 एमजी नैंड्रोलोन डेकानोएट इंजेक्शन बेचा जा रहा था।
इन तीनों दुकानों को कारण बताओ यानी शोकॉज नोटिस जारी किए गए हैं। नोटिस का जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर इनके बिक्री लाइसेंस निलंबित किए जाएंगे। इनमें बलदेव नगर के मैसर्स शक्ति मेडिकोज, दुकान नंबर 6, एसबीआई के सामने व महेश नगर थाने के सामने मैसर्स सिटी फार्मेसी, दुकान नंबर 1, राणा मार्केट व सिटी के मनाली हाउस स्थित एमप्लस फार्मास्यूटिकल्स दुकान नंबर 1154/410-411 शामिल थे।
चार मेडिकल स्टोर संचालकों में पाई गई अनियमितताएं
अवैध स्टेरॉयड की रोकथाम के लिए विभाग ने चार अन्य प्रमुख मेडिकल स्टोरों का भी औचक निरीक्षण किया। हालांकि, यहां कोई अवैध बिक्री नहीं पाई गई, लेकिन नियमों के उल्लंघन को लेकर रिकॉर्ड दर्ज कर आगामी कार्रवाई के लिए भेजा गया है। इन दुकानों में अंबाला सिटी बलदेव नगर स्थित मैसर्स दवाइंडिया हेल्थकेयर मार्ट लिमिटेड व अंबाला कैंट बीसी बाजार स्थित मैसर्स ज्योति मेडिको दुकान नंबर 513/2 व हिसार रोड अमर मार्केट स्थित मैसर्स सरवारा मेडिकल हॉल व दुर्गा नगर स्थित मैसर्स यश मेडिकोज शामिल हैं।
