
न्यूज़ सुनहेरा ऑंचल/हरियाणा/ कैथल/ढांड: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कौल के एसएमओ डॉ. श्याम सुंदर गर्ग एवं डॉ. राहुल जिंदल के नेतृत्व में गांव बंदराना में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य तथा उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में सुपरवाइजर भतेरी देवी के मार्गदर्शन में फील्ड स्टाफ प्रदीप (एमपीएचडब्ल्यू पुरुष), डिंपल रानी (एमपीएचडब्ल्यू महिला) तथा प्रीति रानी (एमपीएचडब्ल्यू महिला) ने सक्रिय भागीदारी निभाई। इसके साथ ही गांव की सभी आशा कार्यकर्ताओं ने अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग दिया।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों को बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा, पोषण, स्वास्थ्य एवं समान अधिकारों के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बेटी परिवार और समाज की शान है तथा उसे शिक्षित और आत्मनिर्भर बनाना हम सभी का कर्तव्य है।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों से कन्या भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक बुराइयों को समाप्त करने, बेटियों को समान अवसर देने तथा ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।
