यदुवंशी शिक्षा निकेतन के विद्यार्थियों ने लिया पृथ्वी संरक्षण का संकल्प।
सुनहरा आंचल न्यूज / हांसी । मनमोहन शर्मा

यदुवंशी शिक्षा निकेतन के प्रांगण में आज पृथ्वी दिवस के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यालय के बच्चों ने पौधारोपण कर “पेड़ लगाओ, पृथ्वी बचाओ” का संदेश दिया और नारे लगाकर पृथ्वी को संरक्षित रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान कनिष्ठ वर्ग से लेकर वरिष्ठ वर्ग तक के विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया। छात्रों ने सुंदर कविताओं के माध्यम से पृथ्वी के महत्व को दर्शाया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वहीं कनिष्ठ व वरिष्ठ वर्ग के विद्यार्थियों ने लघु नाटिकाओं का मंचन कर पेड़ों की आवश्यकता और पर्यावरणीय संकट पर ध्यान आकर्षित किया। इन नाटिकाओं ने दर्शकों का मन मोह लिया और पृथ्वी को बचाने के प्रति जागरूकता बढ़ाई।
विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। बच्चों में उत्साह और जिम्मेदारी का अद्भुत समन्वय देखने को मिला।
इस अवसर पर यदुवंशी ग्रुप आफ इंस्टीट्यूशंस के संस्थापक एवं चेयरमैन समाजसेवी राव बहादुर सिंह ने अपने प्रेरणादायक संदेश में कहा कि यदुवंशी शिक्षा निकेतन का सदैव ही प्रयास रहा है कि हमारे विद्यार्थी न केवल शैक्षिक क्षेत्र में बल्कि सामाजिक दायित्व में भी आगे रहेगें। पर्यावरण संरक्षण एक वैश्विक आवश्यकता है और हमें गर्व र्है कि हमारे विद्यार्थी पुनीत कार्य में अपनी भूमिका निभा रहे हैं। वहीं विद्यालय के प्रधानाचार्य सुनील कुमार ने पृथ्वी दिवस की बधाई देते हुए कहा कि
बच्चों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता जगाना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। यदि हम आज से ही पृथ्वी को संवारने का कार्य नहीं करेंगे, तो भविष्य में जीवन कठिन हो जाएगा। हम सभी को मिलकर छोटे-छोटे प्रयासों से बड़ा परिवर्तन लाना होगा।
कार्यक्रम के समापन पर सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों ने एक साथ मिलकर यह शपथ ली कि वे भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण के लिए कार्य करते रहेंगे और अधिक से अधिक वृक्षारोपण करेंगे।
