अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में कलायत में तीन दिवसीय योग प्रशिक्षण शिविर शुरू

सुनहरा आंचल न्यूज/कलायत(तरसेम सिंह)
कलायत। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उपलक्ष्य में कलायत स्थित अनाज मंडी में 11 से 13 जून तक चलने वाले तीन दिवसीय योग प्रशिक्षण प्रोटोकॉल कार्यक्रम की शुरूआत हो गई है। सफल आयोजन के लिए प्रशासन द्वारा विभिन्न विभागों की ड्यूटियां लगाई हैं। जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डा.शकुंतला दहिया के निर्देशानुसार कलायत अनाज मंडी कलायत में योग प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ नोडल अधिकारी डा. प्रमोद कुमार ने किया। महानिदेशक आयुष हरियाणा एवं हरियाणा योग आयोग के संयुक्त तत्वाधान में यह कार्यक्रम हो रहा है। डा.मिनी राठी, डा.सुलेखा, आयुष फार्मासिस्ट अजित सिंह, संदीप, संदीप राविश, कांता रानी, आयुष योग सहायक राममेहर, संदीप कुमार, विजेन्द्र, सविता व सपना के द्वारा प्रोटोकॉल प्रशिक्षण दिया गया। जिसमें जिला शिक्षा अधिकारी के द्वारा नियुक्त नोडल अधिकारी सुखदेव सिंह पीटीआई कार्यक्रम में मौजूद रहे। महिला योग समिति की तरफ से सोनिया कार्यक्रम में शामिल हुई। इसमें प्रतिभागियों की संख्या 110 के लगभग रही। सुखदेव सिंह ने बताया कि इसका उद्देश्य योग को जन-जन तक पहुंचाना व स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना है। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग निर्धारित की गई है। प्रशिक्षण शिविर में खंड स्तरीय प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, सरपंचों, पंचों, निर्वाचित जनप्रतिनिधियों, पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, एनसीसी, स्काउट एवं गाइड्स के सदस्यों सहित आम नागरिकों को योग का प्रशिक्षण दिया जाएगा। शिविर में योग विशेषज्ञों द्वारा योगाभ्यास के विभिन्न आयामों से प्रतिभागियों को अवगत कराया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान योग साधकों को सूक्ष्म व्यायाम, विभिन्न आसनों तथा प्राणायाम की विधियों का अभ्यास करवाया गया। प्रशिक्षकों ने बताया कि नियमित रूप से योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाकर अनेक बीमारियों से बचाव किया जा सकता है। शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाया जा सकता है। विशेष रूप से बढ़ती उम्र में योग स्वस्थ और सक्रिय जीवन जीने का प्रभावी माध्यम है। कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण पौधारोपण अभियान भी है। योग प्रशिक्षण के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के उद्देश्य से विभिन्न स्थानों पर पौधे लगाए जाएंगे। आयोजकों का मानना है कि योग और पर्यावरण दोनों ही स्वस्थ जीवन के आधार हैं, इसलिए दोनों के प्रति जागरूकता बढ़ाना आवश्यकहै।

कलायत अनाज मंडी में योग प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लेते योग साधक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!