बैंक मैनेजर के जरिए ली गाड़ी, किस्तें न भर बदली नंबर प्लेट; कैथल पुलिस ने कुरुक्षेत्र से दबोचा !

सुनहरा आँचल न्यूज/हरियाणा/कैथल (तरसेम सिंह)
कैथल पुलिस के एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ ने धोखाधड़ी से एक आयशर गाड़ी हड़पने और उसकी नंबर प्लेट बदलकर खुर्द-बुर्द करने के आरोप में कुरुक्षेत्र के एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गांव संदौला (जिला कुरुक्षेत्र) निवासी विक्रम के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर व्यापक पूछताछ और गाड़ी की बरामदगी के लिए 3 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है।

क्या है पूरा मामला?

गांव ढयोड़ खेड़ी निवासी जसविन्द्र ने थाना सिविल लाईन में शिकायत दर्ज करवाई थी। जसविन्द्र के मुताबिक, कैथल में उसकी एक प्रोपराइटरशिप फर्म है, जिसके नाम पर उसने अप्रैल 2025 में बैंक लोन के जरिए एक आयशर गाड़ी खरीदी थी। गाड़ी की कुल 59 किस्तें थीं, जिसमें से प्रत्येक किस्त 49,600 रुपये की थी। जसविन्द्र ने 17 अप्रैल 2026 तक कुल 12 किस्तें बैंक में नियमित जमा करवाईं।

इसके बाद, 30 अप्रैल 2026 को उसके पास बैंक मैनेजर रवि का फोन आया। मैनेजर ने कहा कि वह बकाया किस्तों की एवज में गाड़ी अपने किसी जान-पहचान वाले व्यक्ति को दिलवा देगा और बाकी का लोन भी उसी के नाम ट्रांसफर करवा देगा।
विश्वास का फायदा उठाकर बदली नंबर प्लेटः

बैंक मैनेजर रवि ने जसविन्द्र की मुलाकात ईस्लाम और विक्रम नाम के व्यक्तियों से करवाई। सहमति बनने पर मई महीने में गाड़ी आरोपियों को सौंप दी गई। गाड़ी सौंपने के समय कुल 47 किस्तें बकाया थीं। आरोप है कि आरोपियों ने इसके बाद बैंक में कोई किस्त जमा नहीं कराई।

जब 15 जून को पीड़ित जसविन्द्र ने आरोपियों को फोन कर किस्त जमा कराने या गाड़ी वापस करने को कहा, तो आरोपियों ने साफ इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने धोखाधड़ी की नीयत से गाड़ी की नंबर प्लेट भी बदल दी।

पुलिस कार्रवाई:

पीड़ित की शिकायत पर थाना सिविल लाईन में मामला दर्ज किया गया था। एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ के प्रभारी सब-इंस्पेक्टर (SI) मुकेश कुमार की अगुवाई में सहायक उप-निरीक्षक (ASI) संदीप कुमार की टीम ने मुस्तैदी से कार्रवाई करते हुए आरोपी विक्रम को काबू कर लिया। पुलिस अब रिमांड के दौरान आरोपी से गाड़ी बरामद करने और मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों की धरपकड़ के लिए पूछताछ कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!