-किरायेदार सत्यापन से लेकर सीसीटीवी, रात्रि गश्त और ट्रैफिक व्यवस्था तक, पुलिस अधीक्षक के निर्देशों से कानून व्यवस्था मजबूत
सुनहरा आंचल न्यूज/ फतेहाबाद, 17 दिसंबर।

पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन, आईपीएस ने दिनांक 11 दिसंबर 2025 को पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान मीडिया प्रतिनिधियों द्वारा दिए गए सुझावों को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रभाव से कई महत्वपूर्ण सुधारात्मक कदम लागू किए हैं।
पुलिस अधीक्षक ने सभी संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े सुझावों पर बिना देरी के कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को राहत मिले और जिले की कानून व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जा सके।
सुझाव संख्या 1: किरायेदारों व दुकानों में कार्यरत कर्मचारियों का चरित्र सत्यापन
कार्रवाई:
पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि अपने-अपने क्षेत्रों में किराये पर रह रहे प्रवासी व्यक्तियों एवं दुकानों पर कार्यरत कर्मचारियों का अनिवार्य रूप से चरित्र सत्यापन किया जाए। किसी भी प्रकार की संदिग्धता पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति को उसके मूल थाना क्षेत्र की पुलिस के हवाले किया जाए।
सुझाव संख्या 2: सर्दी के मौसम में आए कश्मीरी युवकों का सत्यापन
कार्रवाई:
पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी एवं सुरक्षा प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि जिले में आए कश्मीरी युवकों का चरित्र सत्यापन अनिवार्य रूप से किया जाए। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पाए जाने पर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
सुझाव संख्या 3: सर्दियों में बढ़ती चोरी की घटनाओं को रोकने हेतु थाना जाखल में राइडर की मांग
कार्रवाई:
पुलिस अधीक्षक ने तुरंत कार्रवाई करते हुए यातायात प्रभारी (एमटीओ) को थाना जाखल में एक राइडर मोटरसाइकिल उपलब्ध करवाने के आदेश दिए। आदेशों की पालना करते हुए थाना जाखल को राइडर मोटरसाइकिल उपलब्ध करवा दी गई है।
साथ ही सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि रात्रि गश्त बढ़ाई जाए तथा चोरी की घटनाओं पर पूर्ण नियंत्रण रखा जाए।
सुझाव संख्या 4: रतिया शहर के संजय गांधी चौक पर खराब सीसीटीवी कैमरे
कार्रवाई:
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर संजय गांधी चौक पर लगे खराब सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त करवाने हेतु नगर पालिका रतिया को पत्राचार किया गया है। शीघ्र ही कैमरे ठीक करवा दिए जाएंगे।
सुझाव संख्या 5: पंजाब से आने वाले मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का सुझाव
कार्रवाई:
पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धांत जैन, आईपीएस ने जानकारी दी कि फतेहाबाद पुलिस द्वारा पंजाब व राजस्थान से प्रवेश करने वाले मुख्य मार्गों पर 7 इंटर-स्टेट नाके स्थापित किए गए हैं, जिन पर पूर्ण रूप से सीसीटीवी कैमरे लगाए जा चुके हैं।
हर आने-जाने वाले वाहन एवं व्यक्ति की निगरानी की जा रही है तथा बिना जांच के कोई भी वाहन जिले की सीमा में प्रवेश नहीं कर पा रहा है।
सुझाव संख्या 6: बस अड्डों पर नशेड़ी व शरारती तत्वों की गतिविधियां
कार्रवाई:
पुलिस अधीक्षक ने थाना शहर प्रभारी को सख्त निर्देश दिए कि पुराने एवं नए बस अड्डे के आसपास सक्रिय संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए।
थाना शहर प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्रा ने दोनों बस अड्डों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है तथा इनके विरुद्ध शीघ्र सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सुझाव संख्या 7: ट्रैफिक बूथों पर यातायात कर्मियों की तैनाती
कार्रवाई:
पुलिस अधीक्षक ने यातायात प्रभारी उप निरीक्षक जय सिंह को निर्देश दिए कि भट्टू रोड अनाज मंडी कट एवं रतिया चुंगी के पास एमएम कॉलेज के नजदीक ट्रैफिक बूथों पर यातायात पुलिस कर्मी तैनात किए जाएं। निर्देशों के अनुसार दोनों स्थानों पर यातायात पुलिस कर्मी तैनात कर दिए गए हैं।
सुझाव संख्या 8: रतिया बस अड्डा क्षेत्र में मारपीट व धमकी देने वाले नशेड़ी युवक
कार्रवाई:
पुलिस अधीक्षक ने थाना शहर रतिया प्रभारी को निर्देश दिए कि ऐसे तत्वों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
थाना शहर रतिया प्रभारी निरीक्षक पुष्पा सिंहाग द्वारा बस अड्डा क्षेत्र में पीसीआर व राइडर की तैनाती कर दी गई है और आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
पुलिस अधीक्षक का संदेश
पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धांत जैन, आईपीएस ने कहा कि “मीडिया एवं जनता से प्राप्त सुझाव हमारी कार्ययोजना की रीढ़ हैं। फतेहाबाद पुलिस का उद्देश्य केवल अपराध पर नियंत्रण नहीं, बल्कि जनता की सुरक्षा, सुविधा और विश्वास को मजबूत करना है। सभी अधिकारी जनहित के कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।”
