हड़ताल के आठवें दिन सफाई कर्मियों ने अपनाया कड़ा रुख नगर पालिका कार्यालय के मुख्य गेट पर जड़ा ताला

सुनहरा आँचल न्यूज
कैथल/कलायत (ब्यूरो) अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे सफाई कर्मचारियों का धैर्य शुक्रवार को जवाब दे गया। हड़ताल के आठवें दिन सफाई कर्मियों ने कड़ा रुख अपनाते हुए नगर पालिका कार्यालय के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया। इस दौरान कर्मचारियों ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। तालाबंदी के कारण कार्यालय का कामकाज पूरी तरह ठप हो गया जिससे अपने काम के लिए आए आम नागरिकों को बैरंग लौटना पड़ा। पिछले एक सप्ताह से अधिक समय से जारी इस हड़ताल के कारण शहर की सफाई व्यवस्था चरमरा गई है। गलियों और मुख्य चौराहों पर कूड़े के ढेर लग चुके हैं, जिससे अब महामारी फैलने का डर बना हुआ है। कर्मचारियों का साफ कहना है कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जातीं वे काम पर वापस नहीं लौटेंगे। यूनियन के पदाधिकारियों ने बताया कि वे लंबे समय से कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने समान काम समान वेतन और पुरानी पेंशन बहाली जैसी मांगों को लेकर संघर्षरत हैं। उनका कहना है कि प्रशासन उनकी आवाज को अनसुना कर रहा है, जिसके कारण मजबूरन उन्हें दफ्तर को ताला लगाना पड़ा। कार्यालय पर ताला लगने से जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र प्रॉपर्टी आईडी और टैक्स संबंधी सभी सरकारी कार्य पूरी तरह रुक गए हैं। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से अपील की है कि वे जल्द से जल्द हड़ताली कर्मचारियों से वार्ता कर इस गतिरोध को समाप्त करें ताकि शहर की सफाई व्यवस्था और सरकारी कामकाज सुचारू हो सके। फिलहाल तालाबंदी के कारण नगर पालिका परिसर में सन्नाटा पसरा हुआ है और कर्मचारी द्वार पर ही डटे हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!