साइकिल वितरण कार्यक्रम में बड़ी घोषणा, मेधावी छात्रों को मिलेगा ई-व्हीकल

कालका/ रंजनाशुक्ला/सुनहरा आंचल :-
फॉरेस्ट कॉम्प्लेक्स में आयोजित एक प्रेरणादायक कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा एवं कालका की विधायक शक्तिरानी शर्मा ने पीएम श्री सरकारी स्कूल के 10वीं कक्षा के विद्यार्थियों को साइकिलें वितरित कीं। इस अवसर पर विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करना और उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा ने घोषणा की कि जो विद्यार्थी आगामी 10वीं और 11वीं कक्षा में टॉप करेंगे, उन्हें उनकी ओर से सम्मान स्वरूप इलेक्ट्रिक व्हीकल प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह पहल विद्यार्थियों को मेहनत और प्रतिस्पर्धा के लिए प्रेरित करेगी। सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पर्यावरण संरक्षण और पेट्रोल-डीजल की बचत संबंधी संदेश का उल्लेख करते हुए लोगों से साइकिलिंग अपनाने की अपील की।
उन्होंने कहा, “साइकिल केवल एक साधन नहीं बल्कि अनुशासन, स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ाया गया कदम है। बच्चे अपनी मेहनत और लगन से अपनी दिशा और दशा तय करते हैं। आज का यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की शुरुआत का प्रतीक है।”
कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने युवाओं से आधुनिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आने वाला समय नवाचार और आत्मनिर्भरता का है तथा युवाओं को बदलते समय के साथ नई तकनीकों को अपनाना चाहिए।
उन्होंने प्रदेश सरकार की पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया का जिक्र करते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर द्वारा शुरू की गई व्यवस्था को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आगे बढ़ा रहे हैं, जिससे युवाओं को बिना पर्ची और बिना खर्ची के सरकारी नौकरियों में अवसर मिल रहे हैं।
इस अवसर पर विधायक शक्तिरानी शर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों को वितरित की गई साइकिलें भले ही छोटी सौगात हों, लेकिन उनके लाभ बहुत बड़े हैं। इससे बच्चे समय पर स्कूल पहुँच सकेंगे, आत्मनिर्भर बनेंगे और अपने समय का बेहतर उपयोग कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि समय जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है और जो विद्यार्थी समय का सम्मान करता है, उसे सफलता से कोई नहीं रोक सकता।
विधायक ने कहा कि सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है और स्कूलों में जो भी कमियाँ हैं, उन्हें समय-समय पर दूर किया जा रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि स्कूल प्रबंधन समिति द्वारा रखी गई आवश्यकताओं को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाया जाएगा।
कार्यक्रम में स्थानीय गणमान्य नागरिक, भाजपा पदाधिकारी, संगठन के कार्यकर्ता, शिक्षकगण और विद्यार्थियों के अभिभावक भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!