शिक्षा मंत्री के काफिले में बड़ा हादसा टला, सीवन थाना पुलिस की गाड़ी पर धड़ाम से गिरा बिजली का खंभा

शिक्षा मंत्री के काफिले में बड़ा हादसा टला, सीवन थाना पुलिस की गाड़ी पर धड़ाम से गिरा बिजली का खंभा
सीवन, 4 जून (विजय सिरोही): हरियाणा के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा के काफिले के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई जब सीवन थाना पुलिस की गाड़ी पर अचानक बिजली का भारी खंभा गिर पड़ा। हादसा इतना खतरनाक था कि कुछ पल के लिए मौके पर चीख-पुकार मच गई। गनीमत रही कि पुलिस अधिकारी व कर्मचारी बाल-बाल बच गए, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।
जानकारी के अनुसार शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा सीवन में एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद चीका की ओर रवाना हुए थे। उनके काफिले के आगे सीवन थाना पुलिस की गाड़ी सुरक्षा व्यवस्था में चल रही थी। इसी दौरान तेज तूफान से सडक़ किनारे लगा बिजली का खंभा अचानक भरभराकर पुलिस वाहन पर गिर गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन में सवार पुलिस कर्मियों में हडक़ंप मच गया। बताया जा रहा है कि गाड़ी में थाना प्रभारी जय भगवान, एएसआई राजेश कुमार सहित कई अन्य पुलिस कर्मचारी मौजूद थे। हादसे में गाड़ी चालक तरसेम घायल हो गया, जिसके चेहरे पर चोटें आई हैं। उसे तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित रहा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की लापरवाही पर सवाल उठाते हुए कहा कि जर्जर बिजली खंभे लंबे समय से हादसे को न्योता दे रहे हैं, लेकिन संबंधित विभाग कोई ध्यान नहीं दे रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि खंभा सीधे वाहन के बीचों-बीच गिरता तो बड़ा जानमाल का नुकसान हो सकता था। हादसे के बाद पुलिस प्रशासन ने स्थिति को संभाला और खंभा हटवाकर रास्ता दोबारा शुरू करवाया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!