देवी लाल स्टेडियम में योग आसन प्रतियोगिता आयोजित, प्रतिभागियों ने दिखाया शानदार प्रदर्शन

सुनहरा आंचल/पंचकूला, 9 जून/रंजना शुक्ला :12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के उपलक्ष्य में आयुष विभाग, खेल विभाग एवं शिक्षा विभाग पंचकूला के संयुक्त तत्वावधान में ताऊ देवी लाल स्टेडियम, सेक्टर-3 में जिला स्तरीय योग आसन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रशासन के सहयोग से जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. दिलीप कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में किया गया।
यह आयोजन हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी, स्वास्थ्य एवं आयुष मंत्री सुश्री आरती सिंह राव तथा आयुष विभाग के महानिदेशक श्री संजीव वर्मा के निर्देशानुसार आयोजित अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रमों की श्रृंखला का हिस्सा था। प्रतियोगिता में जिले के लगभग 23 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर विभिन्न योग आसनों का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के परिणामों में 10 से 18 वर्ष पुरुष वर्ग में यश ने प्रथम, बबल ने द्वितीय तथा मोहित और दिलेर ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। महिला वर्ग में मन्नत प्रथम, सोनिका और मनीषा द्वितीय तथा पायल तृतीय स्थान पर रहीं। 18 से 55 वर्ष पुरुष वर्ग में राहुल ने प्रथम और अभिषेक ने द्वितीय स्थान हासिल किया, जबकि महिला वर्ग में खुशी प्रथम और मनप्रीत द्वितीय स्थान पर रहीं।
इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि हरियाणा सरकार की “फिट हरियाणा” पहल को ऐसे कार्यक्रमों से नई ऊर्जा मिल रही है। योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक संतुलन और आत्मविश्वास को भी बढ़ाता है। प्रतियोगिता का उद्देश्य योग को जन-जन तक पहुंचाना और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति लोगों को जागरूक करना है, ताकि अधिक से अधिक लोग योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बना सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!