तंग और संकरी गलियों में अब मिनटों में पहुंचेगी डायल-112 सेवा: एसपी मनप्रीत सिंह सूदन

न्यूज़ सुनहेरा ऑंचल (राजेश पाई)
कैथल/पूंडरी : जिला कैथल में कानून व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने तथा आपातकालीन परिस्थितियों में आम नागरिकों को त्वरित सुरक्षा मुहैया कराने की दिशा में जिला पुलिस ने एक बड़ा कदम उठाया है। डीजीपी हरियाणा ऑफिस से कैथल पुलिस को 10 नए डायल 112 राइडर वाहन प्राप्त हुए है। इन सभी डायल 112 राइडर्स को मंगलवार को एसपी मनप्रीत सिंह सूदन द्वारा जिला सचिवालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर संबंधित थानों और चौकियों के लिए रवाना किया गया। इस दौरान डीएसपी सुशील प्रकाश, एसपी प्रवाचक एसआई तरसेम, ओएएसआई प्रवेश, एमटीओ एएसआई रामपाल सहित अन्य पुलिस कर्मचारी व अधिकारी मौजूद रहे।
एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा की ये नए टू-व्हीलर राइडर्स जिला पुलिस की आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली को धरातल पर और अधिक सुदृढ़ व गतिशील बनाने का काम करेंगे। कई बार शहर और ग्रामीण अंचलों की संकरी व तंग गलियों या भारी जाम वाले बाजारों में चार पहिया पुलिस वाहन (ERV) समय पर नहीं पहुंच पाते हैं। ऐसी स्थिति में ये टू-व्हीलर राइडर्स बेहद आसानी से घटनास्थल पर कम से कम समय में पहुंच सकेंगे। इन सभी 10 नए राइडर वाहनों को मुख्य रूप से डायल-112 आपातकालीन सेवा से जोड़ा गया है। कंट्रोल रूम को कॉल मिलते ही संबंधित क्षेत्र के राइडर को तुरंत जीपीएस के जरिए लोकेशन मार्क कर रवाना किया जाएगा। एसपी ने कहा कि इन नए वाहनों के फील्ड में उतरने से जहां एक ओर आपराधिक तत्वों और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी, वहीं दूसरी ओर आमजन को समय पर पुलिस सहायता मिलने से नागरिकों के भीतर सुरक्षा के प्रति विश्वास भी मजबूत होगा। उन्होंने ऑन-ड्यूटी तैनात होने वाले पुलिस कर्मचारियों को पूरी जिम्मेदारी, मुस्तैदी और संवेदनशीलता के साथ अपनी ड्यूटी निभाने तथा जनता के साथ शालीन व्यवहार करने के निर्देश दिए।

छायांकन चित्र : डायल 112 राइडर्स को मंगलवार को एसपी मनप्रीत सिंह सूदन द्वारा जिला सचिवालय परिसर से हरी झंडी दिखाते हुए

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!