न्यूज़ सुनहेरा ऑंचल /राजेश पाई
पूंडरी :- अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में वीरवार सुबह जाखौली अड्डा स्थित नई अनाज मंडी में एक दिवसीय योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में बतौर मुख्यातिथि पूंडरी विधायक सतपाल जांबा ने कार्यक्रम में शिरकत की। इसके अलावा बीजेपी जिलाध्यक्ष ज्योति सैनी, कैथल के पूर्व विधायक लीला राम, गुहला चीका के पूर्व विधायक कुलवंत बाजीगर आदि भी कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
विधायक सतपाल जांबा ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य विरासत है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर स्वस्थ एवं निरोग समाज का निर्माण किया जा सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में देश व प्रदेश में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। जिला स्तर पर प्रशिक्षण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया है। योग केवल व्यायाम नहीं है, बल्कि यह शरीर, मन और आत्मा को जोड़ने वाली पद्धति है। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में तनाव, चिंता और विभिन्न बीमारियां तेजी से बढ़ रही है। ऐसे समय में योग हमें शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाता है। नियमित योगाभ्यास से शरीर में लचीलापन बढ़ता है, रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है तथा मन को शांति और एकाग्रता प्राप्त होती है। कई लोग निरंतर योग नहीं करते, जिससे शरीर की एनर्जी घट रही है। हमें अपने शरीर को हर रोज एक घंटा जरूर देना चाहिए, ताकि हमारा शरीर निरंतर स्वस्थ रहे।
बीजेपी जिलाध्यक्ष ज्योति सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में योग का परचम पूरे विश्व में फैला है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी निरंतर प्रदेश में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर कार्यक्रमों में भाग लेकर आमजन को जागरूक कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जीवन में योग बहुत महत्व रखता है। जिस प्रकार से आजकल शरीर में बीमारियां बढ़ रही है। इन बीमारियों को रोकने का सबसे अच्छा माध्यम योग है। हम सभी को प्रतिदिन योग करना चाहिए। स्वस्थ व्यक्ति, स्वस्थ परिवार और स्वस्थ राष्ट्र के निर्माण में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है।
पूर्व विधायक लीला राम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर विश्व के लगभग 200 देशों में योग का प्रचार-प्रसार हुआ है। आगामी 21 जून को पूरे विश्व में योग दिवस मनाया जाएगा। आज योग प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन हुआ है, जिसमें शहर वासियों शामिल हुए हैं। योग एक ऐसी पद्धति है, जो विश्व के कल्याण के लिए बहुत उपयोगी है। यह हमारे देश के लिए गर्व का विषय है कि आज दुनिया के करोड़ों लोग योग को अपना रहे हैं और इसका लाभ प्राप्त कर रहे हैं। पूर्व विधायक कुलवंत बाजीगर ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून को हर वर्ष मनाया जाता है। इसके उपलक्ष में आज एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन हुआ। हमें अपनी सेहत का ध्यान रखना चाहिए। क्योंकि शरीर स्वस्थ होगा तो आपके हर कार्य अच्छे से होंगे। हमें स्वयं तथा परिवार के सदस्यों के साथ निरंतर योग करना चाहिए, ताकि शरीर स्वस्थ रहे।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में सामान्य योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण डॉ. एच.एस. हुड्डा योग विशेषज्ञ द्वारा करवाया गया। यौगिक अभ्यास में स्कंद संचालन, ताड़ासन, पादहस्तासन, अर्ध- चक्रासन, त्रिकोणासन, दंडासन, भद्रासन, वज्रासन, अर्ध उष्ट्रासन, अर्ध-हलासन, पवनमुक्तासन, स्वासन, कपालभाति क्रिया, नाड़ी शोधन, प्राणायाम में अनुलोम विलोम, शीतली प्राणायाम व भ्रामरी प्राणायामों का अभ्यास करवाया गया। ध्यान, संकल्प एवं शांति पाठ के साथ प्रशिक्षण संपन्न हुआ। जिला आयुर्वेदिक अधिकारी शंकुतला दहिया व अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने कार्यक्रम में पहुंचे अतिथिगणों का पुष्पगुच्छ देकर सम्मान किया गया। जिला स्तर पर आयोजित हुए योगासन खेल प्रतियोगिता में विभिन्न वर्गों में विजेता बच्चों को विधायक सतपाल जांबा व अन्य अतिथिगणों द्वारा सम्मानित किया गया।
इस मौके पर बीजेपी जिलाध्यक्ष ज्योति सैनी, कैथल के पूर्व विधायक लीला राम, गुहला चीका के पूर्व विधायक कुलवंत बाजीगर, मार्किट कमेटी चेयरमैन सतीश शर्मा, सांसद प्रतिनिधि रविंद्र धीमान, हरपाल शर्मा, जिला प्रशासन की ओर से एडीसी सुशील कुमार, जिला परिषद के सीईओ सुरेश राविश, एसडीएम संजय कुमार, एमडी शुगर मिल कृष्ण कुमार, डीआईपीआरओ नसीब सिंह सैनी के अलावा अन्य प्रशासनिक अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

