हरियाली तीज की पारंपरिक झूला परंपरा का भी होगा आयोजन
सुनहरा आंचल न्यूज/कलायत(तरसेम सिंह)
प्राचीन कपिल मुनि तीर्थ सरोवर पर 28 अगस्त को सावन माह एवं रक्षाबंधन पर्व के उपलक्ष्य में भव्य धार्मिक आयोजन किया जाएगा। इस दौरान धार्मिक कार्यक्रमों के साथ-साथ हरियाली तीज की पारंपरिक झूला परंपरा का भी विशेष आयोजन होगा। महिलाएं झूला झूलकर तीज महोत्सव मनाएंगी और हरियाली एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश देंगी। यह निर्णय श्री कपिल मुनि तीर्थ कमेटी की बृहस्पतिवार को भगवान कपिल मुनि मंदिर परिसर में आयोजित बैठक में लिया गया। बैठक की अध्यक्षता तीर्थ कमेटी अध्यक्ष राजू कौशिक ने की। बैठक में मंदिर के पुजारी संजय गौतम और अनिरुद्ध गौतम विशेष रूप से मौजूद रहे। बैठक में तय किया गया कि आयोजन के दौरान भगवान कपिल मुनि की महिमा का गुणगान किया जाएगा। श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। प्रधान राजू कौशिक ने कहा कि सावन माह और रक्षाबंधन के पावन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के तीर्थ स्थल पर पहुंचने की संभावना को देखते हुए व्यवस्थाओं को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। तीर्थ कमेटी पदाधिकारियों ने बताया कि हरियाली तीज भारतीय संस्कृति और लोक परंपराओं का महत्वपूर्ण पर्व है। इसके माध्यम से प्रकृति संरक्षण और हरियाली बढ़ाने का संदेश समाज तक पहुंचाया जाएगा। महिलाओं की भागीदारी इस आयोजन का मुख्य आकर्षण रहेगी। उत्सव की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में हरियाणा नंबरदार एसोसिएशन के प्रांतीय कोषाध्यक्ष संजय सिंगला, पार्षद रविंद्र निर्मल बंटी, अमित वाल्मीकि, प्रवीण कंसल, मुकेश पाराशर, पाला राम प्रजापति सहित तीर्थ कमेटी के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन को भव्य और सफल बनाने के लिए अपने सुझाव दिए। कमेटी पदाधिकारियों ने बताया कि कपिल मुनि तीर्थ सरोवर क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का प्रमुख केंद्र है। ऐसे आयोजनों से न केवल धार्मिक आस्था को बल मिलता है बल्कि सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक परंपराओं का भी संरक्षण होता है।

कलायत के प्राचीन कपिल मुनि मंदिर परिसर मेंं आयोजित बैठक मेंं हिस्सा लेते तीर्थ कमेटी पदाधिकारी व सदस्य
