न्यूज़ सुनहेरा ऑंचल/कलायत(तरसेम सिंह)
कलायत। देश की सीमाओं पर तैनात जवान राष्ट्र की सुरक्षा का दायित्व निभाते हैं। उसी प्रकार बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मतदाताओं का सजग प्रहरी बनकर मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, पारदर्शी एवं विश्वसनीय बनाता है। इसी सोच के साथ कलायत विधानसभा क्षेत्र में विशेष मतदाता सूची शुद्धिकरण अभियान (एसआइआर) का आगाज होने जा रहा है। निर्वाचक पंजीयन अधिकारी एवं कलायत एसडीएम अजय हुड्डा इसकी देखरेख का जिम्मा संभाले हैं। उनके दिशा निर्देश में 9 एइआरओ, 23 सुपरवाइजर व 209 बीएलओ गतिशील रहेंगे। एसडीएम नेे नागरिकों से अपील की है कि वे बीएलओ और सर्वे टीमों का सम्मान करते हुए उन्हें पूरा सहयोग दें। ताकि लोकतंत्र की नींव और मजबूत हो सके। चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता के लिए मतदाता सूची का त्रुटिहीन होना बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से 15 जून से 14 जुलाई 2026 तक विशेष घर-घर सर्वेक्षण अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान क्षेत्र के 209 बीएलओ प्रत्येक घर तक पहुंचकर परिवारों से गणना प्रपत्र भरवाएंगे। नागरिकों को अपने परिवार से संबंधित जानकारी सही और पूर्ण रूप से दर्ज करानी होगी। एसडीएम ने काह कि इस प्रक्रिया से कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित नहीं रहेगा और चुनावी व्यवस्था अधिक सुदृढ़ बनेगी। अभियान का प्रमुख उद्देश्य मतदाता सूची में मौजूद त्रुटियों को दूर करना है। इसके तहत ऐसे लोगों के नाम हटाए जाएंगे जो क्षेत्र छोड़ चुके हैं, जिनका निधन हो चुका है या जो किसी अन्य कारण से मतदाता बनने के पात्र नहीं हैं। साथ ही नए पात्र मतदाताओं के नाम भी सूची में जोड़े जाएंगे। यह पूरी प्रक्रिया 22 सितंबर 2026 को मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन से पहले पूरी कर ली जाएगी। कलायत विधानसभा क्षेत्र में कुल 2 लाख 14 हजार 657 मतदाता दर्ज हैं। इनमें से 1 लाख 87 हजार 148 मतदाताओं का सत्यापन और मैपिंग हो चुकी है। जो शेष हैं उनका सत्यापन इस अभियान के दौरान किया जाएगा। एसडीएम अजय हुड्डा ने सभी राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे बीएलओ के कार्य में सहयोग करें। इसके तहत नगर पालिका जन प्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों की बैठक हुई। इमसें लेखाकार सचिन गिल व सोमपाल राणा ने सूची से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी।

फोटो : कलायत नगर पालिका में मतदाता सूची को लेकर आयोजित बैठक में मौजूद प्रतिभागी
