पेड़-पौधे हमारे जीवन का है आधार-पर्यावरण को संरक्षित करना हम सबकी साझी जिम्मेदारी: विधायक सतपाल जांबा

न्यूज़ सुनहेरा ऑंचल /राजेश पाई/पूंडरी

विधायक सतपाल जांबा ने कहा कि पेड़ हमारे जीवन का आधार है, वे हमें सांस लेने के लिए शुद्ध ऑक्सीजन, फल-फूल और छाया प्रदान करते हैं। आज के समय में प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन जैसी समस्याएं विकराल रूप ले रही है, इसमें वृक्षारोपण केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि हमारी सबसे बड़ी आवश्यकता और जिम्मेदारी बन गई है। गांव जांबा ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण में अपनी अलग पहचान बनाई है, जिसकी तर्ज पर हम गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक भी कर रहे हैं।
विधायक सतपाल जांबा शनिवार को गांव जांबा में केंद्र सरकार के गौरवशाली 12 वर्ष पूरे होने पर वन विभाग द्वारा आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे। विधायक ने कहा कि यह अभियान केवल पौधे लगाने का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, स्वस्थ और हरित पर्यावरण सुनिश्चित करने का एक संकल्प है। प्रकृति के साथ हमने खिलवाड़ नहीं करना है। हम सभी ने कोविड महामारी के दौरान ऑक्सीजन के महत्व को बहुत करीब से महसूस किया था। इसलिए हमें ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाने चाहिए, ताकि हमारा पर्यावरण शुद्ध रहे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2024 में एक पेड़ मां के नाम अभियान की शुरूआत की थी। इस अभियान का उद्देश्य केवल पर्यावरण संरक्षण ही नहीं, बल्कि मां के प्रति सम्मान और कृतज्ञता प्रकट करना भी है। मां हमें जीवन देती है और धरती मां हमारा पालन-पोषण करती है। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेशभर में इस अभियान को व्यापक रूप से आगे बढ़ाया जा रहा है। हरियाणा सरकार द्वारा 100 साल से ज्यादा आयु वाले पेड़ मालिक को पेंशन प्रदान कर रही है। इसकी जानकारी विभाग में जरूर दें और योजना का लाभ उठाएं।
विधायक ने कहा कि हमें पौधा रोपण के तहत फोटो खिंचवाने तक ही सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि दिल से पौधे लगाकर उसका संरक्षण करना चाहिए। गांव जांबा की सुंदरता को बढ़ाते हुए गांव में पार्क बनाया गया, अधिक से अधिक पौधे लगाए गए, साफ-सफाई सुनिश्चित की और जिला में ही नहीं, पूरे प्रदेश में एक रोल मॉडल तैयार किया है। विकसित राष्ट्र बनाने के लिए हर व्यक्ति का सहयोग जरूरी है। गांव जांबा में ग्रामीणों का पूरा सहयोग रहा। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण भी हमें करना है। यदि हम इसी तरह से पानी का दोहन करते रहेंगे तो भविष्य में पीने के लिए पानी नहीं मिलेगा और देश में एक जल संकट खड़ा हो जाएगा। हमें जल संरक्षण को लेकर कार्य करना होगा।
विधायक सतपाल जांबा ने प्राकृतिक खेती के विषय में कहा कि आजकल जिस तरह से अंधाधुंध कीटनाशक दवाइयों, यूरिया व डीएपी का उपयोग किसानों द्वारा किया जा रहा है। इससे आने वाले समय में हमारे जीवन पर काफी प्रभाव पड़ेगा। जिस तरह से कैंसर जैसी भंयकर बीमारियां अब घर-घर होने लगी है, इसका कारण हमारा खानपान है। यदि हमें अपने बच्चों को बचाना है और भविष्य को सुरक्षित करना है तो हमें प्राकृतिक खेती की ओर अपने कदम बढ़ाने होंगे। एक देसी गाय पालकर हम 15 एकड़ खेतों में फसल अच्छे से कर सकते हैं। लेकिन इसकी गुणवत्ता काफी अच्छी रहेगी और इसके दाम भी अच्छे मिलेंगे।
सरपंच लाभ सिंह ने ग्रामीणों की सराहना करते हुए कहा कि गांव जांबा में पहले गंदगी के ढ़ेर हुआ करते थे, जहां यह कार्यक्रम किया जा रहा है, अब एक सुंदर पार्क व बच्चों के लिए खेलने का एक अच्छा स्थान बनाया गया है। पेड़-पौधों की संख्या बढ़ने से गांव में हरियाली छाई हुई है। गांव में सीसीटीवी कैमरे, अच्छी गलियां, वायफाय की सुविधा, लाईटें आदि सुविधाएं प्रदान की गई है। गांव में आगे भी ऐसे ही विकास कार्य करवाए जाएंगे। इसी गांव को रोल मॉडल बनाया गया है और अन्य गांवों को भी जागरूक किया जा रहा है।
इस कार्यक्रम में जिला वन अधिकारी भूपेंद्र सिंह राघव ने भी वन विभागों की स्कीमों के बारे में गहनता से जानकारी दी। इस अवसर पर डीआईपीआरओ नसीब सिंह सैनी, रेंज ऑफिसर कुलदीप सिंह, रेंज वन अधिकारी सतबीर सिंह कैत, राकेश गोस्वामी, सहायक राहुल शर्मा, रामप्रसाद, बाकल सरपंच नरेंद्र, शमशेर सिंह, रेखा लोहान, राजपाल, पवन सरदाना, जगदीश क्वात्रा आदि ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!