पंचकूला पुलिस का नशा विरोधी अभियान जारी: मैदान 2.0 के तहत डॉग स्क्वॉड के साथ विभिन्न क्षेत्रों में कॉम्बिंग ऑपरेशन

पंचकूला / 13 जून/सुनहरा आंचल :- “नशामुक्त हरियाणा अभियान” को सफल बनाने के उद्देश्य से पंचकूला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “मैदान 2.0” अभियान के तहत जिले में नशे के खिलाफ लगातार सघन कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में आज पंचकूला पुलिस की थाना, क्राइम एवं एंटी नारकोटिक्स टीमों ने संयुक्त रूप से डॉग स्क्वॉड के सहयोग से आशियाना सेक्टर-26, बंगला बस्ती कालका तथा गांव अभयपुर में व्यापक स्तर पर कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया।

यह अभियान पुलिस कमिश्नर पंकज नैन के दिशानिर्देश तथा डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह के नेतृत्व में चलाया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य नशा तस्करों, असामाजिक तत्वों एवं संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना तथा आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना रहा।

कॉम्बिंग ऑपरेशन के दौरान पुलिस टीमों ने क्षेत्र की गलियों, सार्वजनिक स्थानों, खाली प्लॉटों, झुग्गी-बस्तियों, संदिग्ध ठिकानों, झाड़ियों तथा अन्य संवेदनशील स्थानों की गहन तलाशी ली। डॉग स्क्वॉड की सहायता से नशीले पदार्थों की तस्करी, बिक्री एवं सेवन से जुड़े संभावित ठिकानों की विशेष रूप से जांच की गई। इसके अलावा संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान एवं सत्यापन की कार्यवाही भी की गई तथा क्षेत्र में आने-जाने वाले लोगों पर कड़ी निगरानी रखी गई।

पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित करते हुए उन्हें नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया तथा अपील की कि यदि उनके आसपास कहीं भी नशे की खरीद-फरोख्त, तस्करी या सेवन से संबंधित कोई गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। पंचकूला पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा तथा ऐसे तत्वों के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्यवाही की जाएगी।

पंचकूला पुलिस ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि नशा मुक्त समाज के निर्माण में पुलिस का सहयोग करें तथा नशे से संबंधित किसी भी सूचना को बिना किसी भय के पंचकूला पुलिस की ड्रग इन्फो हेल्पलाइन नंबर 7087081100 एवं 7087081048 पर साझा करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने बताया कि जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई को जारी रखने के लिए भविष्य में भी एरिया डोमिनेशन, कॉम्बिंग ऑपरेशन, विशेष चेकिंग अभियान, पेट्रोलिंग तथा नशा विरोधी अभियान लगातार चलाए जाते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!