सुनहरा आंचल न्यूज/कैथल, (तरसेम सिंह)
शुक्रवार की रात को रिवाल्वर की नोक पर एक होटल को लूटने वाले और शनिवार की अल सुबह कैथल में एक व्यक्ति से स्कूटी और 50 हजार रुपए छीनकर भाग रहे चार बदमाशों में से तीन को एनकाउंटर के बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार की सुबह दो अलग-अलग जगहों पर हुई मुठभेड़ में पुलिस ने उनकी टांगों में गोली मारी। बदमाशों से पुलिस की पहली मुठभेड़ शनिवार सुबह 6 बजे के आसपास पहले शुगर मिल कैथल के पास हुई। पुलिस ने पैरों में गोली मारकर यहां से दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। सुबह 7:15 बजे गांव ग्योंग के खेतों में मुठभेड़ के बाद उनके तीसरे साथी को गिरफ्तार कर लिया गया। बदमाशों का चौथा साथी अभी फरार बताया जाता है। बदमाशों की पहचान गांव खांडा जिला जींद निवासी अंकित, गोलू और निरंजन के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही डीएसपी क्राइम और डीएसपी हेडक्वार्टर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पूरे मामले की जांच के बाद पुलिस प्रेस कॉन्फ्रेंस कर वारदात का पूरी तरह खुलासा करेगी।
हाईवे पर बने होटल में की लूटपाट
शुक्रवार रात को कलायत और कैथल के बीच हाईवे पर बने एक होटल पर बदमाशों ने रिवाल्वर की नोक पर लूटपाट की। वारदात के बाद कलायत सीआईए और एवीटी कैथल एक्शन में आ गई और बदमाशों का पीछा करना शुरू कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद चारों बदमाश शनिवार अल सुबह कैथल पहुंचे और एक व्यक्ति से स्कूटी में 50 हजार रुपए रुपए छीनकर करनाल रोड की तरफ भागने लगे। उनके पीछे लगी पुलिस की टीम ने शुगर मिल के पास एनकाउंटर कर दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। तीसरा बदमाश खेतों के रास्ते फरार हो गया। जिसे पुलिस ने गांव ग्योंग के पास शनिवार सुबह 7 बजे टांग में गोली मार कर गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। तीनों घायल बदमाशों को सरकारी अस्पताल में ले जाया गया है। जहां उनका उपचार किया जा रहा है।

