कलायत में भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व जिला अध्यक्ष संजीव राणा के भाई के खेतों मेंं चोरी की घटनाओं को अंजाम देने से बाज नहीं आ रहे चोर

सुनहरा आंचल न्यूज/कलायत(तरसेम सिंह)
कलायत उपमंडल मुख्यालय के सामने के नजदीक किसान प्रदीप राणा के खेत में चोर गिरोह एक वर्ष से चोरी की घटनाओं को अंजाम देने का सिलसिला चलाए है। इस समय अवधि में चार बड़ी चोरियां हो चुकी हैं। इससे उन्हें लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ा है और सिंचाई पानी के संसाधन जुटा पाना मुश्किल हो चला है। किसान के भाई एवं भाजपा किसान मोर्चा पूर्व जिला अध्यक्ष संजीव राणा ने बताया कि करीब एक वर्ष में उनके खेत में चार चोरी की बड़ी घटनाएं हो चुकी हैं। शुक्रवार रात चोरों ने खेत में लाखों रुपये की लागत से लगाए गए सिंचाई बोर की विद्युत वायर को चोरी कर लिया गया। इस चोरी से सिंचाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है और किसान को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ खेती संबंधी परेशानियों का भी सामना करना पड़ रहा है। संजीव राणा के अनुसार पिछले वर्ष जुलाई माह में पहली चोरी की घटना हुई। दूसरी चोरी इस वर्ष जनवरी माह में हुई। फरवरी माह में तीसरी बार चोर खेत से सामान चुराकर ले गए। अब चौथी बार नए बोर की बिजली तार काट ली गई। चोरी की घटनाओं में नलकूप की मोटर, बिजली के तार, ड्राइवरी व अन्य कृषि उपकरण चोरी हुए। लगातार हो रही वारदातों के कारण किसान परिवार खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। प्रत्येक चोरी की घटना के बाद पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की गई। अब तक किसी भी मामले में चोरों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। बार-बार शिकायत करने के बावजूद परिणाम नहीं मिलने से परिवार में निराशा है। भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व जिला अध्यक्ष संजीव राणा ने कहा कि चोरी की लगातार घटनाओं और कार्रवाई के अभाव से परेशान होकर अब उन्होंने भविष्य में ऐसी घटनाओं को लेकर पुलिस में शिकायत न करने का फैसला किया है। उनका कहना है कि हर बार नुकसान उठाने के बाद पुलिस के चक्कर लगाने पड़ते हैं। लेकिन न जाने क्यों पुलिस अब तक चोरों तक पहुंच पा रही। इसलिए अब यदि खुद एसपी व डीएसपी कार्यवाही करेंगे तो ठीक वरना वे शिकायत लेकर पुलिस स्टेशन नहीं जाएंगे।
डीएसपी ने दिया कार्यवाही का आश्वासन:
कलायत डीएसपी रोहताश कुमार ने बताया कि कानून व्यवस्था एवं चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस प्रशासन सजग है। व्यवस्था की मजबूती के लिए जिला कैथल के कलायत में पहला उप मंडल स्तरीय सीआइए थाना स्थापित करने का निर्णय एसपी द्वारा लिया गया है। उन्होंने किसान निराश न होने की बजाए चोरोंं के खिलाफ कानूनी कार्यवाही के लिए आगे आने की अपील की। इस संबंध में स्थानीय थाना से घटनाओं के संबंध में पूरा विवरण लिया जाएगा। कार्यवाही में चूक करने वाले कर्मियों के खिलाफ कार्यवाही होगी।

कलायत में उप मंडल मुख्यालय भवन के सामने बोर की चोरों द्वारा काटकर चुराई गई तार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!