भारत रत्न डॉ.बीआर आंबेडकर पुस्तकालय पर प्रदेश सरकार द्वारा अटल पुस्तकालय का बोर्ड लगा दिए जाने पर संस्था में रोष

सुनहरा आंचल/कलायत (तरसेम सिंह)
कलायत के गांव बढसीकरी में डा.बी.आर आंबेडकर युवा मंच द्वारा संचालित भारत रत्न डॉ.बीआर आंबेडकर पुस्तकालय पर प्रदेश सरकार द्वारा अटल पुस्तकालय का बोर्ड लगा दिए जाने पर संस्था ने रोष जताया है। पुस्तकालय का नाम पुन: बहाल करवाने को लेकर बहुजन स्टूडेंट वेलफेयर एसोसिएशन इंडिया एवं डा.बीआर आंबेडकर युवा मंच बडसीकरी कलां द्वारा उपमंडल अधिकारी कलायत के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया। रोष प्रदर्शन की अध्यक्षता प्रधान प्रवीन राठी व अमित बेलरखा द्वारा की गई। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा उनकी संस्था द्वारा संचालित डा. बीआर आंबेडकर पुस्तकालय में अटल पुस्तकालय का बोर्ड लगा दिया गया है। यह भारत के संविधान निर्माता बाबा साहब डा.भीमराव आंबेडकर का अपमान है। डॉ.बीआर आंबेडकर पुस्तकालय बडसीकरी कलां में 2012 से समाज के सहयोग से चल रहा है। इस समय यह पुस्तकालय हरियाणा का सबसे सफल पुस्तकालय बन चुका है। हरियाणा सरकार ने प्रदेश में 300 से ज्यादा पुस्तकालयों का नाम बदल कर अटल पुस्तकालय कर दिया जो कि शहीदों व महापुरुषों का अपमान है। डॉ. बीआर आंबेडकर पुस्तकालय युवा मंच अपने खर्च पर चला रहा है। उन्होंने कहा कि संस्था हरियाणा सरकार ने निवेदन करती है कि इन सब पुस्तकालयों का नाम पुन: बहाल किया जाए। बहुजन स्टूडेंट वेलफेयर एसोसिएशन इंडिया के हरियाणा के मुख्य प्रभारी अमित बेलरखा ने कहा कि बहुजन स्टूडेंट वेलफेयर एसोसिएशन टीम ने शिक्षा के क्षेत्र में बहुत काम किया है। आगे भी कर रही है। हरियाणा में संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ भीमराव आंबेडकर के नाम पर खाली पड़ी चौपालों में पुस्तकालय खोल कर शिक्षा की अलख जगाने का काम किया है। यह देश के महापुरुषों का अपमान है जिसे बहुजन समाज सहन नहीं करेगा। छात्र नेता अजय कलायत व साहिल ने कहा कि हरियाणा सरकार अगर बिल्डिंग बना कर अटल पुस्तकालय खोलेगी तो हम सब मिलकर इन पुस्तकालय में सहयोग करेंगे और हरियाणा सरकार का साथ देंगे। अगर हरियाणा सरकार ने महापुरुषों का सम्मान नहीं किया तों बहुजन स्टूडेंट वेलफेयर एसोसिएशन इंडिया हरियाणा के जिला व उपमंडल स्तर पर महाआंदोलन करेगी। हरियाणा में समाज के सहयोग से शहीद भगतसिंह, शहीद ऊधम सिंह, सर छोटूराम, एपीजे अब्दुल कलाम, भारत रत्न डॉ.बीआर आंबेडकर, संत शिरोमणि कबीरदास दास, संत शिरोमणि गुरू रविदास जी, गुरू नानक देव जी, शहीद चन्द्रशेखर आजाद व शहीद कैप्टन पूनम रानी के नाम से पुस्तकालय चलाए जा रहे हैं। हरियाणा सरकार इन महापुरुषों का नाम बदल कर अटल पुस्तकालय बना रही है यह अपमान सहन नहीं होगा। इस अवसर पर गुरमीत राठी, अभिषेक धानियां, मोनू धानियां, विकास कुमार, प्रिंस राठी, साहिल सुसैन, मनीष कश्यप, मोनू, कैलास राठी व रामू कलायत आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!