कलायत एसडीएम ने बीडीपीओ कार्यालय में किया शिविर का शुभारंभ

सुनहरा आंचल/कलायत(तरसेम सिंह) कलायत केंद्र सरकार के गौरवशाली 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में कलायत के खंड विकास एवं पंचायत विभाग कार्यालय में मंगलवार को शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ एसडीएम अजय हुड्डा ने किया। एसडीएम ने सबसे पहले विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई स्टॉलों का अवलोकन किया। क्रमवार स्टॉलों पर अधिकारियों व कर्मचारियों से योजनाओं के बारे में पूर्ण फीडबैक ली। एसडीएम ने निर्देश दिए कि आमजन को सरकारी योजनाओं का लाभ देने में कोई भी कोताही न बरतें, बल्कि उनके साथ अच्छा व्यवहार करते हुए स्कीम की पूर्ण जानकारी दें। यदि किसी दस्तावेजों की कमी है तो समय रहते उनसे पूरे करवाएं। एसडीएम ने नागरिकों का आह्वान करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार की योजनाओं को पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने का संकल्प हम सब साथ मिलकर पूरा करेंगे। केंद्र व प्रदेश सरकार की जन कल्याणकारी नीतियों के माध्यम से लाभार्थियों के खाते में डीबीटी के माध्यम से सीधे पैसे पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि नागरिकों को बिना किसी परेशानी के उन्हें उनके नजदीक सरकारी सेवाओं का लाभ मिले। इसको ध्यान में रखते हुए सोमवार व वीरवार को सुबह 10 बजे से 12 बजे तक प्रशासन द्वारा समाधान शिविरों का आयोजन किया जाता है। इन शिविरों में भी कोई भी नागरिक अपनी समस्या व शिकायत को संबंधित अधिकारी के समक्ष रख सकते हैं। सरकार द्वारा चलाई जा रही जन हितकारी योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने नागरिकों से भी आह्वान किया कि वे विभिन्न विभागों द्वारा लगाई स्टॉलों पर पहुंचकर योजनाओं का लाभ प्राप्त करें। इस अवसर पर तहसीलदार अजय वर्मा, बीडीपीओ रितु शर्मा, ब्लाक समिति चेयरपर्सन प्रतिनिधि नरेंद्र धानियां व अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!