न्यूज़ सुनहेरा ऑंचल/कलायत (तरसेम सिंह)
कलायत। हरियाणा राज्य में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तृतीय चरण की शुरुआत के साथ ही बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) ने अपने-अपने मतदान केंद्र क्षेत्रों में घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करना शुरू कर दिया है। सुपरवाइजर रवि प्रकाश गर्ग ने बताया कि जिला उपायुक्त अपराजिता एवं एसडीएम अजय हुड्डा के निर्देश पर इस अभियान को संजीदगी से गतिमान किया जा रहा है। इस लक्ष्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाना है। ताकि पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में सही रूप से दर्ज रह सकें। इससे सूची का जो शुद्धीकरण होगा उससे लोकतंत्र को अपेक्षाकृत मजबूती मिलना तय है। निर्वाचन विभाग के निर्देशानुसार बीएलओ मतदाताओं को एन्युमेरेटर फॉर्म वितरित कर रहे हैं। उन्हें समय पर फॉर्म भरकर जमा करवाने के लिए जागरूक भी किया जा रहा है। मतदाताओं से अपनी नवीनतम रंगीन पासपोर्ट आकार की फोटो व आवश्यक दस्तावेज पहले से तैयार रखने का आग्रह है। ताकि पुनरीक्षण प्रक्रिया को सुचारू रूप से पूरा किया जा सके। इस कड़ी में कलायत नगरपालिका क्षेत्र के पोलिंग बूथों पर बीएलओ टीम के साथ मतदाताओं के घर-घर जाकर उनसे संपर्क किया। उन्हें पुनरीक्षण अभियान से संबंधित जानकारी प्रदान की। इस दौरान उनके साथ बीएलओ शशीबाला व अन्य कर्मी मौजूद रहे। सुपरवाइजर ने मतदाताओं को निर्वाचन आयोग के निर्देशों से अवगत कराया। निर्धारित समय सीमा के भीतर एन्युमेरेटर फॉर्म भरकर जमा करवाने की अपील की। मतदाताओं ने भी अभियान में रुचि दिखाई और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी प्राप्त की। निर्वाचन विभाग का मानना है कि जनसहभागिता से यह विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान सफल होगा। इससे मतदाता सूची की शुद्धता और विश्वसनीयता में वृद्धि होगी।

