10 जुलाई 2026 को कुरुक्षेत्र-पिहोवा रेलखंड पर 11 घंटे का मेगा ब्लॉक, चार पैसेंजर ट्रेनें रहेंगी प्रभावित

सुनहरा आँचल न्यूज हरियाणा कुरुक्षेत्र : हरियाणा में रेल यात्रियों के लिए अहम खबर है। उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल ने कुरुक्षेत्र (KKDE) और पिहोवा (PHWR) के बीच नई एलिवेटेड ब्रॉडगेज रेलवे लाइन के निर्माण कार्य को अंतिम रूप देने के लिए 10 जुलाई 2026 को 11 घंटे का पावर और ट्रैफिक ब्लॉक घोषित किया है।

यह ब्लॉक सुबह 8 बजे से शाम 7 बजे तक रहेगा। इस दौरान रेल यातायात प्रभावित रहेगा और कई पैसेंजर ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया गया है।

*रेलवे के अनुसार एलिवेटेड रेलवे लाइन को मौजूदा ट्रैक से जोड़ने (कट एंड कनेक्शन) का महत्वपूर्ण कार्य किया जाएगा। निर्माण कार्य के लिए इस सेक्शन पर सिंगल लाइन को पूरी तरह ब्लॉक किया जाएगा। रेलवे का कहना है कि इस रूट पर रात के समय 11 घंटे का खाली स्लॉट उपलब्ध नहीं था, इसलिए दिन में ब्लॉक लेना जरूरी हो गया।

इन ट्रेनों के संचालन में होगा बदलाव

ट्रेन संख्या:- 54040 जींद-नरवाना-कुरुक्षेत्र पैसेंजर 10 जुलाई को कैथल (KLE) स्टेशन तक ही चलेगी और वहीं शॉर्ट टर्मिनेट होगी।

ट्रेन संख्या:- 54041 कुरुक्षेत्र-नरवाना-जींद पैसेंजर की शुरुआत भी कैथल स्टेशन से होगी।

ट्रेन संख्या:- 54038 जींद-नरवाना-कुरुक्षेत्र पैसेंजर पिहोवा (PHWR) तक ही संचालित होगी।

ट्रेन संख्या 54037 कुरुक्षेत्र-नरवाना-जींद पैसेंजर का संचालन पिहोवा से शुरू किया जाएगा।

मालगाड़ियों पर भी असर

निर्माण कार्य के दौरान संबंधित रेलखंड पर 20 किलोमीटर प्रति घंटे की अस्थायी गति सीमा लागू रहेगी। मालगाड़ियों का संचालन आवश्यकता के अनुसार रेगुलेट या डायवर्ट किया जाएगा। यदि कोई विशेष या विलंब से चलने वाली ट्रेन होगी तो उसका संचालन भी परिस्थितियों के अनुसार नियंत्रित किया जाएगा।

रेलवे ने सभी संबंधित विभागों को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने और निर्माण कार्य के दौरान पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।

यात्रियों के लिए सलाह
यदि आपकी यात्रा 10 जुलाई 2026 को जींद, नरवाना,कैथल, पिहोवा या कुरुक्षेत्र के बीच है, तो घर से निकलने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति जरूर जांच लें। रेलवे के इस 11 घंटे के मेगा ब्लॉक के कारण ट्रेनों के समय और संचालन में बदलाव रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!