सुनहरा आँचल न्यूज/हरियाणा/कैथल/पूंडरी/टयोंठा(नवदीप) :
नवीन जिन्दल फाउंडेशन के सौजन्य से हल्का पूंडरी के गांव टयोंठा के निकट स्थित रविदास मंदिर परिसर में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर में मेडिकल वैन के माध्यम से लोगों के खून एवं पेशाब की जांच निःशुल्क की गई। जांच के बाद एमबीबीएस चिकित्सक द्वारा मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया गया। चिकित्सकों ने लोगों को मौसमी बीमारियों से बचाव, संतुलित आहार, स्वच्छता और नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व के बारे में भी जागरूक किया।
शिविर में जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया। स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने पहुंचे ग्रामीणों ने नवीन जिन्दल फाउंडेशन की इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर लोगों के लिए बेहद लाभदायक साबित हो रहे हैं।
आयोजकों ने बताया कि नवीन जिन्दल फाउंडेशन समाज सेवा के उद्देश्य से समय-समय पर ऐसे निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर लोगों तक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने का कार्य कर रहा है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से भविष्य में भी इन स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की।

स्वास्थ्य शिविर में मेडिकल टीम एवं ग्रामीणों के साथ उपस्थित निधि मोहन
