डीसी अपराजिता ने राजस्व विभाग के अधिकारियों की ली समीक्षा बैठक, विभिन्न विषयों पर ली फीडबैक

सुनहरा आँचल न्यूज/ हरियाणा/ कैथल (तरसेम सिंह) डीसी अपराजिता ने लघु सचिवालय स्थित अपने कार्यालय में राजस्व विभाग के अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर विभाग से जुड़े विभिन्न कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से लंबित मामलों, इंतकाल, जमाबंदी, टोकन, निशानदेही सहित सभी अन्य राजस्व कार्यों की बिंदूवार विस्तृत फीडबैक ली। डीसी अपराजिता ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी राजस्व मामलों का समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से निपटारा सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लंबित कार्यों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए तथा सरकार के निर्देशों की पालना सुनिश्चित की जाए। लंबित जमाबंदी के कार्यों को जल्द पूरा करवाएं। ऑटो मुटेशन में पोर्टल से संबंधित कोई परेशानी आ रही है तो समस्या को लिखित रूप में भिजवाएं, ताकि मुख्यालय भिजवाकर समस्या का समाधान करवाया जा सके। लंबित जमीनी मामलों का निपटान जल्द करवाएं। ऑडिट पैरा पर अधिकारी विशेष ध्यान दें। निशानदेही विषय पर गुहला-चीका में अच्छा कार्य किया गया है, जिसकी प्रशंसा करते हुए डीसी ने कहा कि इसी तर्ज पर कार्य करके कार्य में प्रगति लाएं।

बैठक में राजस्व विभाग के विभिन्न अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्र से संबंधित कार्यों की प्रगति से डीसी को अवगत करवाया। डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए नागरिकों को बेहतर एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। बैठक में वीडियो कांफ्रैंस के माध्यम से एसडीएम कलायत अजय हुड्डा, गुहला एसडीएम मनीष कुमार यादव भी जुड़े। इस मौके पर डीआरओ चंद्र मोहन, कैथल तहसीलदार रविंद्र हुड्डा, कलायत तहसीलदार अजय कुमार तथा सभी नायब तहसीलदार शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!