
सुनहरा आंचल न्यूज
कलायत (तरसेम सिंह) कलायत शहर में गौशाला मार्केट के पास देर रात युवकों की एक टोली द्वारा एसी-फ्रिज मिस्त्री पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। हमलावरों ने युवक पर बेरहमी से ताबड़तोड़ वार किए। इससे वह लहूलुहान होकर सडक़ पर गिर गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक को जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। जख्मी हालत में घायल विनय गोलू को तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे कैथल के नागरिक अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल उसका इलाज जारी है। यह पूरी वारदात गौशाला मार्केट के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। प्राप्त जानकारी अनुसार विनय गोलू अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर घर की तरफ जा रहा था। उसके पीछे एक बच्चा भी बैठा हुआ था। इसी दौरान रास्ते में पहले से ही घात लगाए बैठे मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने उसे रोक लिया व उस पर टूट पड़े। वारदात के वक्त मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे बच्चे ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत शोर मचाकर आसपास के लोगों को जगाया। बाद लोगों को आता देख हमलावर मौके से भाग खड़े हुए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है। कलायत थाना प्रभारी अमन कुमार ने बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की बारीकी से जांच कर रही है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीमों का गठन कर दिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान की जा रही है और जल्द ही सभी हमलावरों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
