
सुनहरा आंचल
कालका/रंजना शुक्ला : कालका की विधायक शक्तिरानी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 134वें संस्करण का सामूहिक रूप से श्रवण किया। यह कार्यक्रम भाजपा परिवार के समर्पित सदस्य भागीरथ लाड़ी के निवास स्थान पिंजौर में आयोजित किया गया, जिसमें भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा देशवासियों को दिए गए प्रेरणादायक संदेशों को ध्यानपूर्वक सुना। प्रधानमंत्री जी ने युवाओं की उपलब्धियों, राष्ट्र निर्माण में जनभागीदारी, पर्यावरण संरक्षण तथा सामाजिक जागरूकता जैसे विभिन्न विषयों पर अपने विचार साझा किए। इस अवसर पर विधायक शक्तिरानी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम देशवासियों को सकारात्मक सोच, राष्ट्र निर्माण और जनसेवा के लिए निरंतर प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि पंजाब के युवा एथलीट गुरिंदरवीर सिंह और अनिमेष कुजूर की उपलब्धियाँ यह सिद्ध करती हैं कि दृढ़ संकल्प, कठिन परिश्रम और आत्मविश्वास के बल पर भारत का युवा विश्व स्तर पर नए कीर्तिमान स्थापित कर सकता है।
विधायक शक्तिरानी ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री के द्वारा उल्लेखित गिरिजा अम्मा का प्रयास यह संदेश देता है कि राष्ट्रसेवा के लिए भावना सबसे बड़ी होती है। विद्यार्थियों का अपने वीर जवानों के प्रति यह समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणादायक है और समाज में राष्ट्रभक्ति तथा जनभागीदारी की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के द्वारा बढ़ती गर्मी के मद्देनजर स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने, पर्याप्त मात्रा में जल सेवन करने तथा पारंपरिक भारतीय पेय पदार्थों को अपनाने का संदेश अत्यंत प्रासंगिक और जनहितकारी है। उन्होंने सभी नागरिकों से इन संदेशों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
विधायक शक्तिरानी ने कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम देशभर में हो रहे सकारात्मक और प्रेरणादायक कार्यों को जन-जन तक पहुँचाने का सशक्त माध्यम बन चुका है। यह कार्यक्रम समाज के प्रत्येक वर्ग को राष्ट्रहित में योगदान देने और अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा देता है। इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
