इंडो-नेपाल रोलर स्केटिंग में गोल्ड जीतने वाली अपेक्षा का कलायत में भव्य सम्मान

कलायत (तरसेम सिंह)
कलायत इंडो-नेपाल रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए गोल्ड मेडल जीतने वाली 12 वर्षीय प्रतिभावान खिलाड़ी बेटी अपेक्षा का कलायत स्थित श्री रैदास तख्त पर भव्य अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं जनप्रतिनिधि संगठनों ने खिलाड़ी को सम्मानित कर उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में श्री रैदास तख्त के मुख्य महंत महात्मा गुरु प्रसाद ने अपेक्षा को सम्मान चिन्ह भेंट कर उसका उत्साहवर्धन किया। आयोजन की अध्यक्षता राष्ट्रीय मानव अधिकार एवं अपराध नियंत्रण ब्यूरो के स्टेट चेयरमैन मोहिंद्र धानियां ने की, जबकि वार्ड नंबर-1 की पार्षद कुमारी रेणु धानियां विशेष रूप से उपस्थित रहीं। वक्ताओं ने कहा कि छोटी उम्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन करना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। रेणु धानियां ने बताया कि गोल्ड मेडल विजेता अपेक्षा कलायत निवासी मीनाक्षी की पुत्री हैं। उनके पिता संजीव कुमार पूर्व में भारतीय स्टेट बैंक में कार्यरत रहे हैं और उनका पैतृक निवास यमुनानगर में है। उन्होंने कहा कि कलायत अपेक्षा की मातृभूमि और उनके पिता की कर्मभूमि है। इसलिए यहां उनका सम्मान होना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है।
भारतीय सेना से सेवानिवृत्त सैनिक रामेश्वर फौजी और राजकुमार राजा ने कहा कि नेपाल में आयोजित इंडो-नेपाल रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए अपेक्षा ने स्वर्ण पदक हासिल कर देश का मान बढ़ाया है। यह प्रतियोगिता 1 से 5 मई तक नेपाल में आयोजित हुई थी। गोल्ड जीतने के बाद देशभर में विभिन्न संस्थाओं द्वारा उनका सम्मान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए ऐसे आयोजन समय की आवश्यकता हैं।
मोहिंद्र धानियां ने अपने संबोधन में कहा कि बेटियों को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाना राष्ट्र निर्माण का मजबूत आधार है। आज बेटियां खेल, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं तथा देश का गौरव बढ़ा रही हैं।
हर किसी के लिए उत्साह और उमंग का पल: कौलेखां
श्री रैदास तख्त प्रबंध समिति के प्रधान डॉ. प्रीतम कौलेखा और सचिव राजेश जेष्ट ने कहा कि संस्था हमेशा प्रतिभाशाली युवाओं और खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने के लिए कार्य करती रही है। देश के लिए स्वर्ण पदक जीतने वाली अपेक्षा का सम्मान करना सभी के लिए गर्व, उत्साह और उमंग का क्षण है।

कलायत स्थित श्री रैदास तख्त पर गोल्ड मेडल विजेता खिलाड़ी अपेक्षा का सम्मान करते महात्मा गुरु प्रसाद एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!