कलायत में भगवान परशुराम सामुदायिक भवन में पहली ही बरसात में कागज की तरह बिखर गई फाल सिलिंग

सुनहरा आंचल न्यूज/कलायत(तरसेम सिंह)
कलायत में अनुमानित सवा दो करोड़ के बजट से भगवान परशुराम सामुदायिक भवन के अधूरे निर्माण को पूरा करने के लिए जारी कार्य पर लगातार विवाद खड़ा हो रहा है। इसके तहत पार्षद, समाज सेवी संगठन व आम लोग वार्ड 12 से मेंं जारी इस निर्माण कार्य की गुणवत्ता को कमजोर करार दे रहे हैं। परिणामस्वरूप नगर पालिका प्रशासन से कार्यवाही की मांग की जा रही है। ताजा घटनाक्रम में वार्ड कमेटी चेयरमैन अमित वाल्मीकि, वार्ड 13 पार्षद रवींद्र निर्मल बंटी, प्रदीप राणा व विभिन्न वार्डों के जन प्रतिनिधियों ने निर्माण स्थल का दौरा किया। उन्होंने बताया कि इस दौरान भवन के अंदर जगह-जगह से धंसे पुरानेे फर्श पर बगैर मजबूती के टायल लगाने का कार्य किया जा रहा था। इस कार्य की हालत इतनी खराब थी कि दुरमट तो दूर की बात केवल हथोड़ी से ही खोखला फर्श धंस रहा था। इसी तरह सीवरेज लाइन भी बिना बैड के कच्ची मिट्टी पर दबी मिली। जबकि रसोई के निर्माण कार्य में वर्षों से खुले पड़े कमजोर पीलरों व बीम का इस्तेमाल किया जा रहा है। ऐसे मेेंं निर्माण कार्य की लंबी मियाद की उम्मीद बेमानी है। जन प्रतिनिधियों ने निर्माण कार्य में गुणवत्ता व पारदर्शिता कायम रखने के लिए स्पेशल निगरानी टीम गठित करने की मांग की है। दीगर है कि यह निर्माण कार्य सीएम नायब सिंह सैनी व केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व सीएम मनोहर लाल का ड्रिम प्रोजेक्ट में शामिल है। वर्ष 2016 में तत्कालीन सीएम मनोहर लाल ने शहर के लोगों को इस सामुदायिक भवन की सौैगात दी थी। वर्तमान में सीएम नायब सिंह सैनी ने इस निर्माण को पूरा करने के लिए करीब सवा दो करोड़ का बजट जारी करते हुए पुन: निर्माण कार्य शुरू करवाया है।
कागज की तरह उखड़ रही भवन छत की फाल सिंलिंग:
पार्षद प्रदीप राणा व रवींद्र निर्मल बंटी ने कहा कि सामुदायिक भवन की छत को नए सिरे से पक्का करने की मांग उन्होंने पहले ही की थी। नगर पालिका अधिकारियों ने छत को पक्का करने की बजाए फाल सिलिंग लगा दी। रात्रि को आई बरसात में भवन की दीवारों व छत से हुए पानी के रिसाव एवं हवा में फाल सिलिंग कागज की तरह उखड़ नीचे लटक गई।
गंभीरता से ली जा रही शिकायतें और सुझाव: नगर पालिका कनिष्ठ अभियंता अब्दुल वाहब खान ने बताया कि निर्माण को लेकर मिल रहे सुझाव व शिकायतों को गंभीरता से लिया जा रहा है। इसके मद्देनजर निरंतर मौका मुआयना जारी है। इसके तहत जो खामियां सामने आ रही हैं उन्हें दूर करवाया जा रहा है। निर्माण में मजबूती व पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा जाएगा।

कलायत वार्ड 12 में भगवान परशुराम सामुदायिक भवन का मुआयना करते पार्षद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!