एसआईआर को लेकर कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा ने ली कार्यकर्ताओं की बैठक

सुनहरा आंचल न्यूज/कुरुक्षेत्र/संगीता सिंह लाडवा; हरियाणा के पूर्व मंत्री एवं थानेसर विधायक अशोक अरोड़ा ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा बनाए गए भारतीय संविधान में सभी नागरिकों को समान अधिकार दिए गए हैं। प्रत्येक व्यक्ति को अपने मत का स्वतंत्र रूप से प्रयोग करने का अधिकार है।रविवार को एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) को लेकर थानेसर विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए अशोक अरोड़ा ने कहा कि 15 जून से शुरू हो रही प्रक्रिया में सभी कार्यकर्ता सक्रिय भूमिका निभाएं और मतदाताओं को जागरूक करें। उन्होंने कहा कि सभी मतदाता निर्धारित फॉर्म सही तरीके से भरें तथा आवश्यक दस्तावेजों के साथ रंगीन फोटो भी उपलब्ध रखें।
अरोड़ा ने कहा कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से बाहर न रहे, इसके लिए समय रहते सभी दस्तावेज पूरे किए जाएं और निर्वाचन आयोग की प्रक्रिया में भाग लिया जाए। उन्होंने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी एवं सटीक बनाने का प्रयास है। इस दौरान मतदाताओं को घबराने की नहीं बल्कि जागरूक एवं सतर्क रहने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है। सभी मतदाताओं को एसआईआर प्रक्रिया में सहयोग करते हुए अपने फॉर्म अवश्य भरने चाहिए।
बैठक के दौरान पंजाब में हुए निकाय चुनावों का जिक्र करते हुए अशोक अरोड़ा ने कहा कि कांग्रेस लंबे समय से बैलेट पेपर से चुनाव कराने की पक्षधर रही है। उन्होंने कहा कि दुनिया के कई देशों में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों के उपयोग को लेकर सवाल उठे हैं और कई स्थानों पर इनके इस्तेमाल को बंद भी किया गया है।

कुरुक्षेत्र में एसआईआर को लेकर आयोजित बैठक में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते विधायक अशोक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!