जिले के आला अधिकारी करेंगे ड्रेनों एवं नालों की सफाई कार्य का निरीक्षण

डीसी ने दिए निर्देश, मंगलवार तक रिपोर्ट दें अधिकारी,
राज्यस्तरीय बैठक में हुई कैथल में ड्रेनों के सफाई कार्य की सराहना

सुनहरा आंचल न्यूज/कैथल (तरसेम सिंह) डीसी अपराजिता ने कहा कि मानसून से पहले जिले के सभी आला अधिकारी उन्हें आबंटित किए गए क्षेत्र में ड्रेनों, नालों, नालियों की सफाई के कार्य का निरीक्षण करें और मंगलवार तक इस संबंध में रिपोर्ट दें। साथ ही सभी अलग-अलग विभागों के अधिकारी मानसून शुरू होने से पहले निर्धारित अवधि में अपने-अपने विभाग से संबंधित ड्रेनों, नालें एवं नालियों की शत-प्रतिशत सफाई सुनिश्चित करवाएं।
डीसी अपराजिता वीरवार को लघु सचिवालय स्थित वीडियो कांफ्रेंसिंग रूम में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रही थीं। बैठक से पूर्व हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने वीसी के माध्यम से मानसून सीजन की तैयारियों को लेकर सभी जिला उपायुक्तों को आवश्यक निर्देश जारी किए। राज्यस्तरीय वीसी में जिला उपायुक्त अपराजिता के मार्गदर्शन में कैथल में ड्रेनों,ख् नाले-नालियों की सफाई को लेकर हुए कार्य की सराहना की गई। राज्यस्तरीय वीसी के बाद बैठक के दौरान डीसी ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को हांसी-बुटाना नहर तथा सरोला साइफन सहित अन्य नहरों एवं ड्रेनों की सफाई के कार्य को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर निकाय विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कई स्थानों पर नालों की सफाई के दौरान निकाला गया कचरा सडक़ों पर ही छोड़ दिया जाता है, जिससे वह दोबारा नालों में पहुंचकर जल निकासी व्यवस्था को प्रभावित करता है। ऐसे में निकाले गए कचरे का उचित निस्तारण निर्धारित स्थलों पर ही किया जाए।
डीसी ने सिंचाई, स्थानीय निकाय, जनस्वास्थ्य सहित संबंधित विभागों से उपलब्ध किश्तियों, पंप हाउस, पाइपलाइन तथा बाढ़ नियंत्रण उपकरणों की स्थिति व संख्या को लेकर भी आवश्यक जानकारी हासिल की। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी सुनिश्चित करें कि ये उपकरण चालू हालत में हों। बारिश के मौसम में जिले में कहीं भी जलभराव की स्थिति उत्पन्न नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और बरसात शुरू होने से पहले आवश्यक उपकरण, मशीनरी तथा संसाधनों को पूरी तरह तैयार रखें।
इस अवसर पर जिला नगरायुक्त कपिल शर्मा, ईओ एचएसवीपी वकील अहमद, सिंचाई विभाग के अधीक्षक अभियंता नीरज शर्मा, ईओ नगर परिषद कैथल संदीप सोलंकी सहित जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!