कलायत के उपमंडल नागरिक अस्पताल में वीरवार को मेडिकल टेस्टों व इनकी रिपोर्ट में देरी से नाराज रोगियों में हंगामा

कलायत के सरकारी अस्तपाल में लोगों से बातचीत करते लैब चीफ संजय कुमार

सुनहरा आंचल न्यूज/कलायत(तरसेम सिंह) कलायत के उपमंडल नागरिक अस्पताल में वीरवार को मेडिकल टेस्टों व इनकी रिपोर्ट में देरी से नाराज रोगियों ने हंगामा कर दिया। अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में मरीजों और उनके परिजनों ने मेडिकल टेस्ट व्यवस्था पर असंतोष जताया। उन्होंने प्रशासन से सुधार की मांग की। विरोध करने वालों में बुजुर्ग, महिलाएं और युवा शामिल रहे। रोगियों का आरोप था कि उन्हें टेस्ट करवाने के बाद रिपोर्ट प्राप्त करने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ता है। कई मरीज सुबह से अस्पताल में मौजूद रहे। लेकिन निर्धारित समय पर रिपोर्ट नहीं मिलने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थिति उस समय अधिक तनावपूर्ण हो गई जब रिपोर्ट लेने पहुंचे लोगों की भीड़ बढ़ गई। हंगामे की सूचना मिलने पर अस्पताल की लैब के चीफ संजय कुमार मौके पर पहुंचे। लोगों को समझाने का प्रयास किया। उन्होंने मरीजों को लैब में प्रतिदिन होने वाले टेस्टों की संख्या और उपलब्ध कर्मचारियों के अनुसार रिपोर्ट तैयार करने की प्रक्रिया की जानकारी दी। लैब प्रमुख संजय कुमार ने बताया कि अस्पताल की लैब में प्रतिदिन बड़ी संख्या में विभिन्न प्रकार के टेस्ट किए जाते हैं। इनकी रिपोर्ट तैयार करने में समय लगता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि मरीजों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। मरीजों ने मांग की कि अस्पताल प्रशासन ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करे जिससे टेस्ट और रिपोर्ट वितरण की प्रक्रिया अधिक सुचारु हो। किसी भी मरीज को अनावश्यक इंतजार न करना पड़े। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो वे दोबारा विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। अस्पताल प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कदम उठाने का भरोसा दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!